झारखंड के चतरा जिला स्थित सदर थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव मंगलवार को रण क्षेत्र बन गया। ग्रामीणों ने सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत ठाकुर को बंधक बना लिया और उनके साथ जमकर अभद्र व्यवहार किया।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को चोट लगी है। एक ग्रामीण भी घायल है। तनाव इतना है कि घटनास्थल पर आधा दर्जन थानों की पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की तैनाती करनी पड़ी है। घायलों का इलाज चतरा सदर अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे में जिले के डहुरी गांव निवासी 28 वर्षीय पप्पू कुमार की मौत हो गई। 2 युवक घायल हैं। जानकारी के मुताबिक जब एएसआई शशिकांत ठाकुर पिकअप वैन के चालक को अपने साथ लेकर जाने लगे तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने एएसआई को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। उनके कपड़े तक फाड़ डाले। उग्र हो चुकी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस ने लाठियां भांजी तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया।