नई दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा है कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) उनकी छवि बिगाड़ने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर चुके हैं लेकिन उन्हें नुकसान होने की बजाय इससे फायदा हो रहा है। गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रही 3500 किलोमीटर से ज्यादा लम्बी भारत जोड़ो यात्रा के 82वें दिन सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा उनकी छवि बिगाड़ने में अब तक हजारों करोड़ रुपए बर्बाद कर चुकी है। इसमें भाजपा के लिए बड़ी दिक्कत यह है कि इतना खर्च करने के बावजूद उनकी छवि खराब होने की बजाय और निखर रही है तथा भाजपा की इस कोशिश का उन्हें ज्यादा लाभ मिल रहा है।