हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने के लिए तैयार है। शुक्रवार को विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि कांग्रेस आलाकमान किसी एक नाम पर फैसला लेगा। पहाड़ी राज्य की कमान संभालने के लिए ये तीन नाम आगे रेस में हैं। हिमाचल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, सीपीएल नेता मुकेश अग्निहोत्री और राजिंदर राणा इस दौड़ में शामिल हैं। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।कांग्रेस आलाकमान के करीबी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केवल तीन नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और राजिंदर राणा हैं।
मुख्यमंत्री विधायकों में से ही होगा। सूत्रों का कहना है कि आलाकमान को लगता है कि अगर प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो दो उपचुनाव कराने होंगे। एक लोकसभा का और दूसरा विधान सभा का। सूत्रों ने आगे कहा कि प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को कैबिनेट में उच्च पद दिया जा सकता है।









