गौतम अडानी पिछले साल सितंबर में दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। यह मुकाम हासिल करने वाले वह एशिया के पहले शख्स थे। लेकिन हाल में आई एक रिपोर्ट ने उन्हें जोर का झटका दिया है। इससे उनकी नेटवर्थ में 50 अरब डॉलर से अधिक गिरावट आई है।पिछले साल सितंबर में अडानी की नेटवर्थ 147 अरब डॉलर पहुंच गई थी लेकिन उसके बाद से इसमें 88.6 अरब डॉलर की गिरावट आई है। यह रिलांयस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की कुल नेटवर्थ से भी ज्यादा है। अंबानी 80.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें स्थान पर हैं। हिंडनबर्ग रिचर्स की रिपोर्ट आने के बाद अडानी की नेटवर्थ में 50 अरब डॉलर से अधिक गिरावट आई है। अडानी एशिया के अमीरों की लिस्ट में भी तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 61.6 अरब डॉलर की गिरावट आई है।









