पंडित प्रदीप मिश्रा के सीहोर जिला स्थित कुबेरेश्वर धाम में शिव महापुराण कथा और रुद्राक्ष वितरण महोत्सव शुरू हो गया है। रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम में करीब दस लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। इसके चलते इंदौर-भोपाल हाईवे पर जाम लगा है। करीब बीस किलोमीटर जाम लग गया है। भीड़ की वजह से भगदड़ जैसे हालात बने हैं। धक्कामुक्की के बीच महाराष्ट्र से आई 52 वर्षीय मंगलबाई की मौत हो गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीहोर जिला अस्पताल भेजा गया है। दो हजार लोग बीमार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। दस से अधिक महिलाएं गुम हैं।
रुद्राक्ष वितरण के लिए चालीस काउंटर बनाए गए हैं। भीड़ को देखते हुए एक दिन पहले यानी बुधवार से ही रुद्राक्ष वितरण शुरू हो गया था। पहले दिन करीब डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए। अब तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए हैं। गुरुवार को रुद्राक्ष के लिए दो-दो किमी लंबी कतार लगी है। दो लाख से अधिक लोग तो कतार में ही लगे होने का अनुमान है। भीड़ को रोकने के लिए बांस और बल्लियों से बैरिकेड लगे थे, जो भीड़ को रोकने में नाकाम हो रहे हैं।