यूपी के कानपुर देहात में संचालित एक पब्लिक स्कूल में करीब एक करोड़ रुपए का पान पराग गुटखा डंप मिला है। पुलिस के पहुंचने से पहले कालेज संचालक पांच दिन की छुट्टी कर फरार हो गया। मौके पर जीएसटी व पुलिस टीम छानबीन कर रही है।
विद्यालय संचालक ने बच्चों को ये कहकर लौटा दिया कि उसकी मौसी खत्म हो गई हैं। अब पांच दिन स्कूल नहीं खुलेगा। वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस ने विद्यालय का कमरा खुलवाया तो वहां कक्ष संख्या पांच में करीब दो सौ बोरी पान पराग गुटखा मिला। इसकी बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल जीएसटी टीम मामले की छानबीन कर रही है। मामला कानपुर देहात के नहोली स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल का है।
इधर विद्यालय में पहुंची पुलिस ने नायब तहसीलदार व जीएसटी के अधिकारियों के साथ मिलकर स्कूल का मुख्य गेट व कमरा खुलवाया। वहां एक बड़े हाल में करीब दो सौ बोरी पान पराग गुटखा डंप मिला। प्रांरभकि छानबीन में गुटखा पान पराग कंपनी का ही बना है। उसके नकली होने की संभावना बिलकुल नहीं पाई गई है। जीएसटी टीम मामले में छानबीन कर रही है। गजनेर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुरजीत कुमार ने बताया कि मामले में कई बिंदुओं पर छानबीन चल रही है। जीएसटी टीम की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।